मर्चेंट नेवी के कैप्टन Captain Mithilesh Kumar ने जहाज पर छठ पूजा की और डेक से सूर्य को अर्घ्य दिया। यह पूजा विदेश में एक जहाज पर हुई। कैप्टन ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

वीडियो में कैप्टन पूजा की तैयारी से पहले अपना केबिन साफ करते दिखते हैं। छठ के तीसरे दिन से ही जहाज के स्टाफ शाम के अर्घ्य की तैयारी में लग गए थे। स्टाफ ने पानी में पीला रंग मिलाकर एक कपड़े को पीला किया।

प्रसाद की थाली में फल, सब्जियां और दूसरी चीजें सजाई गईं। एक स्टाफ सदस्य ने थाली सिर पर उठाई, जबकि दूसरे ने कच्चा दूध छत पर बने पूजा स्थल तक पहुंचाया। पूजा के लिए जहाज का ऊपरी फ्लोर भी सजाया गया था।

अर्घ्य से पहले नीले रंग का एक ड्रम इस्तेमाल हुआ, जिस पर 'Samudra Ghat' लिखा था। इसी ड्रम में पूजा करने वाले शख्स ने स्नान किया और फिर छठी मैया को अर्घ्य दिया। अंत में सभी लोगों ने जहाज पर 'छठी मैया की जय' का जयकारा लगाया।

छठ 13 नवंबर को शुरू हुआ था और उगते सूरज को अर्घ्य के साथ उसका समापन हुआ। कैप्टन ने छठ मनाने में साथ देने के लिए अपनी पत्नी का धन्यवाद भी किया। कैप्टन ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर छठ से जुड़े कई वीडियो शेयर किए हैं।

वीडियो पर आए कमेंट्स में एक यूजर ने कहा कि इस आस्था को देखकर मन खुश हो गया। दूसरे यूजर ने कहा कि लोग छठ महापर्व के लिए बड़ी मेहनत करते हैं। एक तीसरे यूजर ने स्टाफ के लिए दिल से सम्मान जताया। एक और यूजर के मुताबिक ये लोग सच्ची भक्ति सिखाते हैं।

इंटरनेट पर लोग कैप्टन की आस्था और समर्पण की तारीफ कर रहे हैं।