मथुरा के नगला फोंदा गांव में एक शादी के दौरान जीजा ने अपने दोनों चचेरे भाई प्रशांत और कान्हा राघव को 500 रुपये के नोटों से बनी मालाएं पहनाईं। शादी में आए मेहमान इस नज़ारे को देखकर हैरान रह गए। रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
यह घटना मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र के नगला फोंदा गांव की है। दोनों चचेरे भाइयों की घुड़चढ़ी की रस्म शनिवार शाम को पूरी हुई। माला पहनने के लिए दोनों दूल्हे छत पर खड़े हुए थे। नोटों से बनी इन मालाओं का वजन इतना था कि उन्हें संभालने के लिए कई लोगों को हाथ लगाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि दोनों मालाएं करीब 100 फीट लंबी थीं। दोनों मालाएं 500 रुपये के नोटों से बनी बताई जा रही हैं। हर माला की कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। माला में कुल कितनी रकम थी, इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
नोटों की माला देने वाले जीजा का नाम योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर है। वे राजस्थान के कामां इलाके के नंदोला गांव के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि वे नंदोला गांव के सरपंच भी हैं।
दोनों दूल्हों का नाता किसान नेता महावीर स्वामी के परिवार से जोड़ा जाता है, और उन्हें उनके भतीजे बताया जाता है। दोनों की शादियां गोवर्धन के मुड़सेरस गांव की लड़कियों से तय हुई थीं। यह तोहफा अब आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।