भारतीय यूट्यूबर काश चौधरी ने इंग्लैंड के बर्टन-ऑन-द-वॉटर गांव का एक व्लॉग बनाया, जिसमें वे इस गांव की खामोशी और सादगी की तारीफ करते हैं। व्लॉग में उन्होंने कहा, "यहां कोई शोर नहीं, कोई दिखावा नहीं।"
यह व्लॉग फेसबुक पर @KaashChaudhary हैंडल से शेयर किया गया। देखते ही देखते यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में गांव की गलियां दिखती हैं, जिनके दोनों ओर हरे पेड़ और पौधे लगे हैं। कई घरों के बाहर Mercedes जैसी महंगी गाड़ियां खड़ी दिखती हैं, फिर भी पूरे माहौल में शांति बनी रहती है।
काश के मुताबिक गांव के ज्यादातर घर लगभग एक जैसे डिजाइन के हैं। उनका कहना है कि इसकी वजह यहां के स्थानीय नियम और लोगों की सोच है। उनके मुताबिक लोग मानते हैं कि अगर हर कोई अपनी मर्जी से अलग घर बनाए तो गांव की सुंदरता और पहचान खत्म हो जाएगी।
बताया जा रहा है कि सरकार ने साफ कहा है कि घर छोटा या बड़ा बन सकता है, लेकिन उसका स्टाइल और लुक गांव के मुताबिक होना चाहिए।
शांति के बारे में काश ने कहा कि यहां इतनी खामोशी है कि उन्हें अपनी व्लॉगिंग की आवाज ही सुनाई दे रही है। गांव बेहद शांत है और यहां शोर नहीं है। चलते वक्त रास्तों पर सिर्फ चिड़ियों के चहचहाने की आवाज़ साफ सुनाई देती है। उनके अनुसार यहां के लोग शोर को बिल्कुल पसंद नहीं करते और शांति से रहते हैं।
लंदन से कई लोग वीकेंड पर शांति की तलाश में इस गांव आते हैं। वीडियो पर कई यूजर्स ने कमेंट किए और इस गांव की तुलना भारतीय गांवों से की।