अमेरिका में रहने वाली भारतीय महिला महिमा राठी ने @desidadinamerica हैंडल से इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह कहती हैं कि उनकी सालाना कमाई करीब ₹90 लाख से ₹1 करोड़ के बीच है, फिर भी वह खुद को मिडिल क्लास मानती हैं।
यह क्लिप उनके भाई नितिन मल्होत्रा ने शेयर की।
महिमा के मुताबिक उनकी मासिक सैलरी करीब ₹7.54 लाख (8,000 डॉलर) है। उन्होंने हर महीने के खर्च का ब्यौरा भी दिया है, लेकिन इसमें उनका निजी खर्च शामिल नहीं है।
हर महीने का सबसे बड़ा खर्च घर की मॉर्गेज का भुगतान है, जो करीब ₹2.36 लाख (2,500 डॉलर) है। टैक्स के रूप में करीब ₹1.41 लाख (1,500 डॉलर) कटते हैं।
खाने और किराने पर करीब ₹94,240 (1,000 डॉलर) खर्च होते हैं। मेडिकल इंश्योरेंस का खर्च करीब ₹47,120 (500 डॉलर) है।
कार इंश्योरेंस और पेट्रोल पर भी करीब ₹47,120 (500 डॉलर) लगते हैं। फोन, इंटरनेट और घर के बिल का खर्च भी करीब ₹47,120 (500 डॉलर) है।
बच्चों पर करीब ₹28,270 (300 डॉलर) खर्च होते हैं। छोटे-मोटे खर्च करीब ₹18,850 (200 डॉलर) के हैं। इन सब खर्चों के बाद करीब ₹94,240 (1,000 डॉलर) बचते हैं।
महिमा ने बताया कि भारत में रहते हुए उनकी सालाना कमाई करीब 15 लाख रुपये थी। उनके मुताबिक भारत में बचत अमेरिका से ज़्यादा थी।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका में हर कोई सर्वाइवल मोड में जीता है।
कुछ यूजर्स ने माना कि अमेरिका में रहना उतना आसान नहीं है, जितना दिखता है। कुछ यूजर्स ने लिखा कि हर महीने 94,000 रुपये की बचत अच्छी है।
कुछ यूजर्स ने पूछा कि क्या भारत लौटना बेहतर विकल्प है।