भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने ATM और PoS टर्मिनल से नकद निकासी से जुड़े अपने सभी निर्देश एक मास्टर डायरेक्शन में समेट दिए हैं। इसके साथ नकद निकासी से जुड़े 17 पुराने सर्कुलर रद्द कर दिए गए हैं, जो 2008 से 2022 के बीच जारी हुए थे। यह मास्टर डायरेक्शन 27 नवंबर को जारी हुआ है और 2026 में कैश निकासी ट्रांजैक्शन फ्रेमवर्क के तहत जारी किए गए निर्देशों का हिस्सा है।
ये नए नियम 27 नवंबर 2026 से लागू होंगे। ये नियम अधिकृत पेमेंट सिस्टम प्रोवाइडर, सिस्टम पार्टिसिपेंट, बैंक और PSP पर लागू होंगे।
मुफ्त लेनदेन की सीमा
बचत खाताधारकों को अपने बैंक के ATM से हर महीने पांच मुफ्त लेनदेन मिलेंगे। इस सीमा में वित्तीय और गैर-वित्तीय, दोनों तरह के लेनदेन गिने जाएंगे। नए निर्देशों में ATM लेनदेन की मुफ्त सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दूसरे बैंकों के ATM पर मेट्रो केंद्रों में हर महीने तीन मुफ्त लेनदेन मिलते हैं। मेट्रो केंद्रों में मुंबई, नई दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल हैं। मेट्रो और गैर-मेट्रो, दोनों तरह के ATM को मिलाकर मुफ्त लेनदेन की कुल सीमा हर महीने पांच तक रखी गई है।
बैंक अपने विवेक से तय सीमा से ज्यादा मुफ्त लेनदेन दे सकते हैं। बैंकों को ग्राहक को बताना होगा कि ATM मेट्रो क्षेत्र में है या गैर-मेट्रो क्षेत्र में।
शुल्क और अलर्ट
मुफ्त सीमा खत्म होने के बाद ग्राहक से लिए जाने वाले शुल्क की अधिकतम सीमा रिज़र्व बैंक ने ₹23 प्रति लेनदेन तय की है, और उस पर कर भी लगेगा। दूसरे बैंकों के ATM से नकद निकासी की सीमा प्रति लेनदेन ₹10,000 तय की गई है।
बैंकों को ग्राहकों को सूचित करना होगा कि मुफ्त लेनदेन कितने इस्तेमाल हो चुके हैं और कौन सा शुल्क लागू होगा। हर बैंक को ATM शुल्क के लिए अपने बोर्ड से मंज़ूर नीति रखनी होगी। सीमा और शुल्क से जुड़े नोटिस बैंकों को अंग्रेज़ी, हिंदी और स्थानीय भाषा में लगाने होंगे। ATM को EMV चिप-और-पिन कार्ड सपोर्ट करने होंगे।
विफल लेनदेन पर क्या बदला
तकनीकी कारणों से विफल ATM लेनदेन को मान्य लेनदेन नहीं गिना जाएगा। बैंक की वजह से रद्द हुए लेनदेन भी मान्य लेनदेन में नहीं गिने जा सकेंगे। बैंक ऐसे विफल लेनदेन पर कोई शुल्क नहीं लगा सकेंगे।
PoS पर नकद निकासी
PoS टर्मिनल से नकद निकासी की सीमा प्रति लेनदेन ₹2,000 है। इसकी मासिक सीमा सभी जगहों को मिलाकर ₹10,000 रखी गई है। ग्राहक से लिए जाने वाले PoS शुल्क की ऊपरी सीमा लेनदेन राशि का 1% तय की गई है। PoS से नकद निकासी डेबिट कार्ड, फुल-KYC वाले PPI और Unified Payments Interface (UPI, यूपीआई) के ज़रिए की जा सकती है।
शिकायत कहां करें
शिकायतों का निपटारा रिज़र्व बैंक इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम, 2026 के तहत होगा।