सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने फैसला किया है कि जो वाहन नंबर प्लेट छिपाएंगे, उससे छेड़छाड़ करेंगे या MLFF टोलिंग सिस्टम में FASTag का इस्तेमाल नहीं करेंगे, उनसे टोल फीस का पांच गुना जुर्माना लिया जाएगा। यह जुर्माना असली टोल के अलावा वसूला जाएगा, यानी टोल की रकम के साथ यह पांच गुना रकम भी जुड़ेगी। मंत्रालय के मुताबिक यह जुर्माना तभी लगेगा जब टोल से बचने की मंशा साबित होगी।

MLFF टोलिंग क्या है

MLFF एक आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग सिस्टम है। इस व्यवस्था में चलते वाहनों को टोल प्लाज़ा पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ती। ओवरहेड गैन्ट्री पर लगे FASTag रीडर और ANPR कैमरे वाहनों की पहचान करते हैं। इसके बाद निर्धारित टोल अपने आप काट लिया जाता है।

जुर्माना किन स्थितियों में लागू होगा

नंबर प्लेट के मामले में सिर्फ आगे की प्लेट छिपी हो, सिर्फ पीछे की प्लेट छिपी हो या दोनों प्लेट छिपी हों, तब भी यह कार्रवाई लागू होगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों की पहचान उन्नत तकनीक और निगरानी के जरिए की जाएगी। मंत्रालय के अनुसार यह प्रस्ताव वहां लागू होगा जहां भी MLFF टोलिंग लागू है। आगे जो नई MLFF साइटें शुरू होंगी, वहां भी यही नियम लागू होगा।

जेब पर कितना असर

उदाहरण के तौर पर, अगर टोल 100 रुपये है और जुर्माना 500 रुपये, तो चालक को कुल 600 रुपये चुकाने होंगे। इसमें टोल की रकम और जुर्माने की रकम दोनों शामिल होती हैं। जुर्माने की यह रकम संबंधित प्राधिकरण को भेजी जाएगी।

चालकों के लिए सलाह

मंत्रालय ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी नंबर प्लेट साफ और पूरी तरह दिखने वाली रखें। उन्हें अपना FASTag भी ठीक करा लेना चाहिए, ताकि MLFF टोल पर उनका टोल अपने आप कटे और जुर्माने की नौबत न आए।