केंद्रीय कैबिनेट ने लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने वाले विधेयकों को मंजूरी दे दी है। इसके लिए हर राज्य में संसदीय क्षेत्रों की संख्या में एक समान 50% की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। नए परिसीमन से सीटों की संख्या बदलने की प्रक्रिया 2051 तक रोक दी जाएगी।

सरकार ने संविधान (132nd Amendment) विधेयक का मसौदा शुक्रवार को सांसदों को भेजा है। इसके अलावा परिसीमन आयोग बनाने के लिए एक अलग विधेयक का प्रस्ताव है। तीसरे विधेयक में दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी की विधानसभाओं में अधिक सीटों का प्रावधान है।

बिल का घोषित उद्देश्य परिसीमन के जरिए महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण सुनिश्चित करना है। 850 सीटों में से 815 राज्यों के लिए और 35 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए हैं। लोकसभा की असली कुल संख्या लगभग 816 रहने की संभावना है। अभी लोकसभा में 550 की अधिकतम सीमा के मुकाबले 543 सदस्य हैं।

राज्यों का हिस्सा तय करने के लिए 1971 की जनगणना को ही आधार रखा गया है। वहीं लोकसभा के संसदीय क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़े इस्तेमाल होंगे। संविधान संशोधन विधेयक में राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। इस संशोधन में संविधान के कुल आठ अनुच्छेदों में बदलाव किया गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में अभी 403 सदस्य हैं।

सरकार लंबित संविधान (131st Amendment) विधेयक को वापस लेगी, जो अभी लोकसभा में पड़ा है। इन विधेयकों को 30 नवंबर को लोकसभा में पेश किया जाएगा। संविधान संशोधन विधेयक पास होने के लिए दो-तिहाई सांसदों का समर्थन जरूरी है। लोकसभा में पास होने के लिए 360 वोट चाहिए, जबकि सदन में तीन सीटें खाली हैं। DMK, NCP (SP) और YSRCP के चार सांसदों से इन विधेयकों को समर्थन मिलने की उम्मीद है। इसके साथ सदन में NDA की संख्या 355 तक पहुंचती है।