क्या आपने कभी समंदर की लहरों को देखा है? कैसे वो चुपके से आती हैं और आपके पैरों को छूती हैं और फिर वापस चली जाती हैं...बिना कोई आवाज़ किए। अनुराग बसु की ताज़ा फ़िल्म 'Metro... In Dino' भी उन्हीं लहरों की तरह है। एक सुकून भरी कहानी, जो आपको भावनाओं के अथाह समंदर के किनारे बैठने का निमंत्रण देती है।

यह फ़िल्म दिल को छू लेने वाले रिश्तों की परतें खोलती है, जहाँ अलग-अलग पीढ़ियों के प्यार को बेहद खूबसूरत तरीके से दिखाया गया है। अनुपम खेर, नीना गुप्ता, पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, आदित्य रॉय कपूर, सारा अली खान, अली फ़ज़ल और फ़ातिमा सना शेख़ जैसे कलाकारों ने अपने किरदारों को इतनी प्रामाणिकता से जिया है कि हर कहानी किसी अपनी सी लगने लगती है।

चार जोड़ों की कहानी

'Metro... In Dino' किसी आदर्श प्रेम की तलाश नहीं करती, बल्कि यह सिखाती है कि प्रेम में परिपूर्ण होना ज़रूरी नहीं, उसे महसूस करना ज़रूरी है। यह फ़िल्म आपको सोचने का मौका देती है, आपको हल्का करती है और भावनाओं के समंदर में एक ठंडी लहर बनकर आपके दिल को छू जाती है। कहानी 'Metro... In Dino' चार ऐसे जोड़ों की कहानी है, जिनकी जिंदगी अलग-अलग पड़ाव पर है, लेकिन प्यार की डोर से बंधी हुई है। एक जोड़ा ऐसा है, जिसका प्यार जवानी की दहलीज पर ही जुदा हो गया, दूसरा जोड़ा शादीशुदा जिंदगी से ऊब चुका है।

तीसरा जोड़ा परिवार और करियर के बीच उलझा हुआ है, जबकि चौथा जोड़ा अभी तक समझ नहीं पाया है कि उन्हें कब प्यार हो गया। यह फिल्म दिखाती है कि कैसे वक्त के साथ रिश्तों में दरारें आती हैं, गलतियां होती हैं, लेकिन जब इंसान उन गलतियों को समझकर उन्हें सुधारना चाहता है, तो वह सफर ही असली कहानी बन जाती है। Metro... In Dino न सिर्फ प्यार का मतलब बताती है, बल्कि यह भी सिखाती है कि जब प्यार हो जाता है, तो उसे बनाए रखना और उसमें खुद को खोने की बजाय खुद को संवारना कितना जरूरी है।

अनुराग बसु ने किया कमाल

निर्देशन 'Metro... In Dino' का निर्देशन अनुराग बसु ने किया है, और यह कहना गलत नहीं होगा कि उन्होंने एक बार फिर कमाल कर दिया है। जिस खूबसूरती से अनुराग ने चार अलग-अलग जोड़ों की कहानियों को बुना है, वह काबिले तारीफ है। प्रीतम के संगीत की मिठास और अनुराग की कहानी कहने की कला फिल्म को एक अलग ही जोन में ले जाती है, जो शुरू से लेकर आखिर तक दर्शकों को बांधे रखती है।

फिल्म की शुरुआत मस्ती और हंसी से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह प्यार के मायने सिखाने लगती है। कुछ पल ऐसे आते हैं जब होठों पर मुस्कान आ जाती है, तो कुछ ऐसे जब आंखें नम हो जाती हैं। कहानी और स्क्रीनप्ले पर अनुराग बसु की पकड़ इतनी मजबूत है कि दर्शक खुद को भावनाओं के इस समंदर में बहने से रोक नहीं पाते।

अभिनयअगर अभिनय की बात करें तो 'Metro... In Dino' की पूरी स्टार कास्ट ने शानदार अभिनय किया है। अनुपम खेर, नीना गुप्ता, पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, आदित्य रॉय कपूर, सारा अली खान, अली फजल और फातिमा सना शेख, सभी ने अपने किरदारों में जान डाल दी है।

इन कलाकारों का अभिनय इतना स्वाभाविक और प्रभावी है कि कोई भी दूसरे से कमजोर नहीं लगता। सभी ने अपनी भूमिका के साथ पूरा न्याय किया है। खासकर पंकज त्रिपाठी की कॉमिक टाइमिंग फिल्म के भावनात्मक पलों के बीच ताजगी भरी सांस की तरह आती है और दर्शकों को मुस्कुराने का मौका देती है। कहानी को हल्का बनाए रखने में उनकी मौजूदगी अहम भूमिका निभाती है।

Metro... In Dino में क्या देखें:

अगर 'Metro... In Dino' की कमियों की बात करें तो वो बहुत मामूली हैं। ये फिल्म उन दर्शकों के लिए ज़्यादा मुफ़ीद है जो हर सीन को ध्यान से देखने और हर भावना को महसूस करने का धैर्य रखते हैं।

हालांकि, दूसरे हाफ़ की शुरुआत में जब कहानियां अपने इमोशनल मोड़ पर पहुंचती हैं, तब दर्शक किरदारों के संवाद और रिश्तों को ज़्यादा गहराई से देखना चाहते हैं, लेकिन उस समय संगीत की अधिकता गति को थोड़ा धीमा करती दिखती है। इसके अलावा कुछ सीन इतने इमोशनली गहरे हैं कि वो शायद हर दर्शक से कनेक्ट न हों, लेकिन इतना ज़रूर है कि वो बोर नहीं करते।

अगर ये कहा जाए कि 'Metro... In Dino' के साथ अनुराग बसु ने मेट्रो फ़िल्म सीरीज़ की विरासत को न सिर्फ़ ज़िंदा रखा है बल्कि उसे नई ऊंचाइयों पर भी पहुंचाया है, तो ये बिल्कुल भी गलत नहीं होगा।

बॉलीवुड को लंबे समय से ऐसी दिल को छू लेने वाली रोमांटिक ड्रामा फ़िल्म की कमी खल रही थी, जिसे 'Metro... In Dino' बखूबी पूरा करती है। यह फिल्म आपको हंसाती है, रुलाती है, सोचने पर मजबूर करती है और आज के समय में रिश्तों को निभाने और प्यार करने का एक नया तरीका भी सिखाती है। हमारी तरफ से इस फिल्म को मिलते हैं 3.5 स्टार।यह भी पढ़ेंः-चीन को अखर रही भारत की तरक्की, बंद कर दी जरूरी मशीनों की सप्लाई

हमारे WhatsApp चैनल को अभी फॉलो करें ताज़ा ख़बरों और अपडेट्स के लिए।