सरकारी दूरसंचार कंपनी BSNL (भारत संचार निगम लिमिटेड) अपने टावर प्राइवेट कंपनियों को किराए पर देकर हर साल भारी मुनाफा कमा रही है। इस पहल के तहत BSNL ने वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2023-24 तक 6,920.39 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। औसतन, यह कमाई सालाना लगभग 1,000 करोड़ रुपये होती है। सरकार ने 4 दिसंबर 2024 को संसद में इसकी जानकारी दी।

BSNL ने 12,502 टावर किए लीज पर

केंद्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने संसद में बताया कि 31 मार्च 2024 तक BSNL ने 12,502 टावर विभिन्न प्राइवेट कंपनियों को किराए पर दिए। इनमें सबसे ज्यादा 8,048 टावर रिलायंस जियो को लीज पर दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि BSNL एक सार्वजनिक उपक्रम है और तकनीकी एवं व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखकर अपने फैसले लेती है।

BSNL तेजी से अपने टावर इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कर रही है। कंपनी 4जी और 5जी सेवाओं की शुरुआत के लिए तैयार है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अगस्त 2024 में संसद को जानकारी दी थी कि BSNL अक्टूबर 2024 के अंत तक 80,000 टावर स्थापित कर चुकी होगी। अगले चरण में मार्च 2025 तक 21,000 और टावर जोड़े जाएंगे।

BSNL 4जी से 5जी में रूपांतरण कर रहा है

BSNL का 4जी नेटवर्क पूरी तरह तैयार है और इसे 5जी में तब्दील करने का काम जारी है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि कंपनी स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल करते हुए जल्द ही 4जी और 5जी सेवाओं की शुरुआत करेगी। हालांकि, उन्होंने इसका सटीक समय नहीं बताया।

सरकारी कंपनी का सब्सक्राइबर बेस भी तेजी से बढ़ रहा है। BSNL नई तकनीक और सेवाओं के साथ अपने ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इस पहल से कंपनी की आय में भी लगातार सुधार हो रहा है, जो इसे भविष्य में और मजबूत बना सकता है।

Also Read : BSNL Cheapest Plan: ₹100 से कम कीमत में हर रोज मिलेगा 3GB डेटा, बेहद शानदार है ये 5 प्लान